शुक्रवार शाम जयपुर के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया। जिसमें सुभाष चौक, रामगंज, कोतवाली, माणकचौक, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़ व गलता गेट शामिल हैं। गुरुवार को रामगंज क्षेत्र में एक कॉरोना केस पॉजिटिव मिला था, जो 14 दिन पहले ओमान से लौटा था। 45 वर्षीय इस व्यक्ति ने चिकित्सा विभाग के आदेश नहीं मानकर पूरे शहर को खतरे में डाल दिया है। ओमान से लौटने के बाद व्यक्ति को जहां क्वारेनटाइन होना था, उसकी जगह वह दोस्तों से मिलता रहा, मस्जिद जाकर नमाज पढ़ता रहा और शहर में घूमता रहा। नतीजा यह हुआ कि गुरुवार को उसके पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आए 200 से अधिक लोग खौफ में जीने को मजबूर हो गए हैं। इसके अलावा पूरा प्रशासन और सरकार सकते में आ गई है। इस शख्स के परिवार के 32 लोग हजारों लोगों से मिले हैं...उन्हें कहां ढूंढे। जयपुर में अब कुल कोरोनो पीड़ितों की संख्या 9 पहुंच गई है।
गुरुवार को पॉजिटिव मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने पहले 200 मीटर एरिया को सील कर चप्पे-चप्पे को सेनिटाइज कराया। फिर रात 10 बजे मरीज के घर से 1 किलोमीटर परिधि में कर्फ्यू लागू कर दिया। ओमान से दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच में लक्षण नहीं मिलने पर इस व्यक्ति को घर भेज दिया था। वह बस से जयपुर आया। बस में सवार सभी लोगों का पता किया जा रहा है और उन्हें आइसोलेट किया जाएगा।